उन्नाव जनपद के थाना दही क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना दही पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सवारी बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो चापड़, चार मोबाइल फोन, एक कार (UP 78 GR 8889) और लूट का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि एक गिरोह आम लोगों को सवारी के रूप में कार में बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट करता है और मारपीट कर छोड़ देता है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोका। पूछताछ में कार सवार चारों युवक—रोहन उर्फ अक्षत वर्मा, यश शुक्ला, यश तिवारी और आदित्य गुप्ता उर्फ यश गुप्ता—को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारी को अपनी कार में बैठाते थे। कार में पहले से ही उनके साथी मौजूद रहते थे। रास्ते में सुनसान जगह पर पहुंचकर वे तमंचा और चापड़ के बल पर सवारी को डराकर नकदी और सामान लूट लेते थे, साथ ही मोबाइल के जरिए ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करा लेते थे। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना दही में आर्म्स एक्ट की धारा 3/4/25 और बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कानपुर नगर के जाजमऊ और चकेरी थानों में भी पहले से लूट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। Post navigation बारिश के बाद प्रशासन सक्रिय, डीएम ने लिया हालात का जायजा अक्वाबाद टोल प्लाजा का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा