उन्नाव- भूमि संरक्षण अधिकारी ऊसर सुधार शशांक ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत जनपद में खेत तालाब योजना संचालित की जा रही है।

इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए उन्नाव में कुल 14 खेत तालाब निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 10 सामान्य वर्ग और 4 अनुसूचित जाति के किसानों को लाभ दिया जाएगा।

योजना के अनुसार, खेत तालाब का मानक आकार 22 मीटर × 20 मीटर × 3 मीटर होगा, जिसकी कुल लागत 1.05 लाख रुपये निर्धारित है। इसमें सरकार द्वारा 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 52,500 रुपये का अनुदान दो किस्तों में दिया जाएगा। पहली किस्त खुदाई कार्य पूर्ण होने के बाद और दूसरी किस्त शेष कार्य पूरे होने पर सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य होगा। साथ ही सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली (स्प्रिंकलर/ड्रिप) लगवाना भी जरूरी है, जिस पर 80-90 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा।

इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होगी। आवेदन के लिए 1000 रुपये टोकन राशि जमा करनी होगी और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

अधिकारियों के अनुसार, खेत तालाब योजना के माध्यम से किसान वर्षा जल संचयन, सिंचाई सुविधा, मत्स्य पालन व अन्य जलीय खेती कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही इससे भूजल स्तर सुधार और ग्रामीण रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान जिला भूमि संरक्षण कार्यालय उन्नाव या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *