जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के ज्वेलर्स एवं सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी को मानवता का परिचय देना होगा और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है, इसलिए केवल आवश्यकता के अनुसार ही क्रय-विक्रय किया जाए। अनावश्यक जमाखोरी और कालाबाजारी से बचें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रही उथल-पुथल को देखते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की अपील का समर्थन किया जाना चाहिए। उन्होंने सर्राफा व्यवसायियों से खरा सोना, फ्रेश गोल्ड और बुलियन की खरीद से बचने की अपील की। साथ ही ग्राहकों को पुरानी ज्वेलरी रिसायकिल कर उपयोग में लाने के लिए प्रोत्साहित करने और पुराने आभूषण के बदले नए आभूषण खरीदने पर मेकिंग चार्ज में छूट देने पर विचार करने को कहा। जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं को अफवाहों से बचाने और पैनिक में अनावश्यक खरीदारी न करने के लिए जागरूक करने की भी अपील की। बैठक में मौजूद सभी ज्वेलर्स व्यापारियों ने राष्ट्रहित में एकजुटता दिखाते हुए प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सभी ज्वेलर्स को अपने प्रतिष्ठानों में विजिटिंग रजिस्टर रखने के निर्देश दिए, ताकि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज की जा सके। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारी एवं जनपद के कई प्रमुख सर्राफा व्यापारी भी मौजूद रहे। Post navigation उन्नाव पुलिस को सफलता: 2 टप्पेबाज गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद उन्नाव: दिव्यांगजन विभाग ने स्वैच्छिक संस्थाओं से मांगे प्रस्ताव