उन्नाव के कोतवाली सदर थाना पुलिस ने चार पहिया वाहन से बकरी और बकरा चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को वादिनी ने थाना कोतवाली सदर में तहरीर देकर बताया था कि 17 मई की रात अज्ञात चोर चार पहिया वाहन से उनकी तीन बकरियां और एक बकरा चोरी कर ले गए। मामले में थाना कोतवाली सदर पर मुकदमा संख्या 290/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।

इसके बाद 19 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर राजेपुर पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान नीले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से बकरा और बकरी ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजू पुत्र अशर्फीलाल निवासी सहता थाना फतेहपुर चौरासी, वर्तमान पता कब्बाखेड़ा थाना कोतवाली सदर तथा मैराज पुत्र मोहम्मद जलील निवासी एबीनगर थाना कोतवाली सदर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बकरा-बकरी और 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई और दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *