उन्नाव में कृषि भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और कृषि प्रसंस्करण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

बैठक में उप कृषि निदेशक रवि चन्द्र प्रकाश ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसान अपने सभी गाटा विवरण सही तरीके से दर्ज कराएं, जिससे बीज, खाद वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड और खतौनी में नाम अलग होने पर आवेदन में दिक्कत आती है, जिसके समाधान के लिए संबंधित तहसील में लेखपाल से संपर्क कर खतौनी अपडेट कराई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का लाभ लेने और क्रय केंद्रों पर खाद्यान्न बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। साथ ही कृषि यंत्र, सोलर पंप और निःशुल्क बीज मिनीकिट जैसी योजनाओं के लिए किसानों को जन सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कराने की जानकारी दी गई। लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किए जाने की बात भी कही गई।

बैठक में डिप्टी सीबीओ हरिओम पटेल ने कहा कि कृषि और पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं। आधुनिक तकनीक के साथ पशुपालन अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल और बचाव के उपाय भी बताए।

मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज ने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और उन्नत उन्नाव के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से बुवाई से पहले मृदा परीक्षण कराने और संतुलित उर्वरकों के प्रयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने मियागंज, हसनगंज, औरास और सफीपुर क्षेत्रों में आम की अधिक उत्पादकता का उल्लेख करते हुए आम के अचार, मुरब्बा और अन्य उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मार्केटिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।

बैठक में जिला कृषि अधिकारी शंशाक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, एफपीओ प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे। किसान नारायण गुप्ता, गणेश सिंह, राज बहादुर, नीरज कुमार सिंह, चंद्र कुमार पटेल और अरविंद कुमार सहित अन्य किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *