उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के जीर्णोद्धार के बाद नवसंवर्धित और आधुनिक स्वरूप प्राप्त “महावीर सभागार” का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सेना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रिगेडियर अतुल कुमार सहित अन्य सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सभागार का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और अतिथियों ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने कहा कि इस पावन अवसर पर कार्यालय में आकर गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने अपने संबोधन में कहा कि देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति जिला प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों के आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा। मधु मिश्रा ने सभागार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसे सैनिक सम्मान, राष्ट्रभक्ति और वीर शहीदों की गौरवगाथाओं को समर्पित भाव से विकसित किया गया है। उन्होंने शहीद स्मारक और तोरण द्वार से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में एस.एम. जामवाल, उत्सव, डी.पी. सिंह सहित सेना और प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation गौ संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाही पर दी कार्रवाई की चेतावनी उन्नाव में अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार