जनपद उन्नाव के विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीणा की उपस्थिति में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद Swami Sachchidanand Hari Sakshi Maharaj ने की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज ने पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत की। सांसद ने गौ संरक्षण, अवैध खनन, अवैध परिवहन, जल जीवन मिशन, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, माध्यमिक शिक्षा तथा वन विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गौ संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए। उन्होंने पशुओं के लिए भूसा, हरा चारा, खली और चोकर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी गौ संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि एक गौशाला की जिम्मेदारी लेकर पशुओं के संरक्षण में सहयोग करें। चारागाह की खाली पड़ी भूमि को कब्जामुक्त कराकर वहां हरे चारे की बुवाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

जल निगम विभाग को निर्देशित करते हुए सांसद ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रिक्त पदों पर डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में काशीराम कॉलोनी रसूलाबाद, उन्नाव और मोहन में बाहरी लोगों के अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठा। सांसद ने निर्देश दिया कि केवल मूल आवंटियों को ही वहां रहने की अनुमति दी जाए।

संभागीय परिवहन अधिकारी को अवैध बस संचालन और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला खनन अधिकारी को अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

अधीक्षण अभियंता विद्युत को बिजली व्यवस्था में सुधार लाने तथा लापरवाही बरतने वाले लाइनमैनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि उपभोक्ताओं को मानक के अनुसार विद्युत आपूर्ति मिलनी चाहिए।

बैठक में तालाबों और पोखरों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने तथा वन विभाग को अवैध पेड़ कटान और अवैध आरा मशीनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीणा ने सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण पालन कराया जाएगा।

बैठक के समापन के बाद सांसद, जिलाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकास भवन परिसर में सांसद स्थापना निधि से निर्मित सुविधा केंद्र का विधिवत पूजन-अर्चन के बाद फीता काटकर लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, सदर विधायक श्री पंकज गुप्ता, सफीपुर विधायक श्री बंबा लाल दिवाकर, भगवंत नगर विधायक श्री आशुतोष शुक्ला, पुरवा विधायक श्री अनिल सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री अरुण पाठक, श्री रामचंद्र प्रधान, श्री राजबहादुर चंदेल सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *