पंजाब और उन्नाव के 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप अलर्ट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मिनी ग्लॉक पिस्टल, कारतूस, लूटे गए जेवरात और नकदी बरामद

थाना कोतवाली सदर पुलिस, थाना बीघापुर, थाना अचलगंज एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट की तीन बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और एक मिनी ग्लॉक पिस्टल के साथ चार कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को थाना बीघापुर क्षेत्र के रानीपुर मार्ग पर ग्राम मल्लपुर के पास चार अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से उसकी बाइक, मोबाइल फोन और 1600 रुपये लूट लिए थे। इसी दिन थाना अचलगंज क्षेत्र में मैनहा गैस प्लांट के पास एक अन्य व्यक्ति से बिना नंबर की अपाचे बाइक लूट ली गई। इसके बाद 20 मई 2026 को थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के भौनी खेड़ा चौराहे स्थित चंदेलिया जयकृष्णा ज्वैलर्स इंटरप्राइजेज में मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली गई थी।

घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान थाना गंगाघाट क्षेत्र में विशाल मेगा मार्ट के पास से लूटी गई बाइकें बरामद हुईं। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वारदात के बाद कानपुर रेलवे स्टेशन की ओर गए थे। इसके बाद फुटेज को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आसपास के जिलों और जीआरपी पुलिस के साथ साझा किया गया।

पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपियों को जीआरपी अलीगढ़ और दो को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया है। पुलिस टीम दोनों स्थानों से आरोपियों को हिरासत में लेकर उन्नाव लाई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजीत कुमार उर्फ गोलू निवासी बीघापुर उन्नाव, दिलावर उर्फ गोला निवासी अमृतसर पंजाब, अक्षय उर्फ रनवीर निवासी अमृतसर पंजाब और मनप्रीत निवासी गुरदासपुर पंजाब बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, कैलकुलेटर, लूटा गया मोबाइल फोन तथा एक मिनी ग्लॉक पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में तीनों लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *