सड़क, बिजली, ट्रैफिक और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर हुई समीक्षा व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर उन्नाव में विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने विद्युत विभाग, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा, पुलिस, यातायात एवं पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सड़क मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, नालों की सफाई और अतिक्रमण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि विद्युत व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए तथा कॉमर्शियल कनेक्शन धारकों को बिल जमा करने के लिए कम से कम 15 दिनों का समय दिया जाए और बिना उचित कारण कनेक्शन न काटे जाएं। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा केवल निर्धारित रूटों पर ही संचालित किए जाएं। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए डीएम ने पुलिस और प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शहर में बनाए गए पड़ाव अड्डों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सुबोध कुमार, सहायक श्रमायुक्त एस एन नागेश, जिला पूर्ति अधिकारी राज बहादुर, नगर पालिका परिषद उन्नाव के अधिशासी अधिकारी संजय गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी बंधु मौजूद रहे। Post navigation लूटकांड के सफल खुलासे पर व्यापारियों ने उन्नाव पुलिस का किया सम्मान अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम घनश्याम मीणा ने दिए सख्त निर्देश