दिव्यांग फुट पेंटर शीला शर्मा बनीं प्रदेश की प्रेरणा ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मातृभूमि योजना’ अब ग्रामीण विकास और जनभागीदारी का नया उदाहरण बनती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के मार्गदर्शन में गांवों में आत्मनिर्भरता और प्रतिभाओं को नया मंच मिल रहा है। इसी क्रम में उन्नाव जनपद की ग्राम पंचायत कमालपुर में एक अत्याधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। केंद्र का लोकार्पण पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, यूपी ट्रांसफॉर्मेशन कमिशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह तथा मोहान विधायक बृजेश कुमार रावत द्वारा किया गया। यह कला प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और बच्चों को चित्रकला, हस्तशिल्प, सिलाई, वस्त्र डिजाइनिंग, संगीत और नृत्य जैसी विधाओं का प्रशिक्षण देगा। बच्चों को निःशुल्क कला सामग्री और प्रोत्साहन भत्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आर्थिक अभाव उनकी प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बने। इस पहल की सबसे खास बात यह है कि इसकी प्रेरणा बनी हैं दिव्यांग फुट पेंटर शीला शर्मा। दोनों हाथ न होने के बावजूद शीला शर्मा अपने पैरों से अद्भुत पेंटिंग बनाती हैं और अब गांव के बच्चों को कला की शिक्षा देकर उनका भविष्य संवारने का काम करेंगी। कला केंद्र के निर्माण में 60 प्रतिशत सहयोग राशि स्वयं शीला शर्मा द्वारा दी गई, जबकि शेष 40 प्रतिशत योगदान पंचायती राज विभाग द्वारा किया गया। शीला शर्मा ने कहा कि ग्रामीण बच्चों में असाधारण प्रतिभा होती है, उन्हें सिर्फ सही मंच और अवसर की जरूरत है। इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मातृभूमि योजना केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की सहभागिता से गांवों का भविष्य बदलने का एक बड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पंचायतों का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। Post navigation अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम घनश्याम मीणा ने दिए सख्त निर्देश बकरीद को लेकर उन्नाव में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल गश्त