उन्नाव- तहसील सदर परिसर में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक पंकज गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, टूल किट वितरण योजना तथा कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी योजनाएं युवाओं और उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर हैं। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ये योजनाएं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनका लाभ लेकर युवा अपना रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आमजन के उत्थान के लिए संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं में रुचि दिखाते हुए करीब 120 आवेदकों ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा विभाग द्वारा वित्तपोषित दो सफल इकाइयों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां उपस्थित लोगों को उद्यम स्थापना और योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, सीओ सिटी दीपक यादव, उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, तहसीलदार सुरभि गौतम, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संजीव कुमार सिंह, ग्रामोद्योग अधिकारी मोहम्मद शारिब, सहायक विकास अधिकारी सुशील कुमार बाजपेई तथा राज्य प्रशिक्षक एवं कार्यक्रम संचालक बेचेलाल राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। Post navigation युवती हत्याकांड में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, उत्तम हॉस्पिटल पर लगी सील जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 पर्यवेक्षक और प्रगणक सम्मानित