उन्नाव- जिलाधिकारी घनश्याम मीना जनशिकायतों के समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण के प्रति लगातार गंभीरता दिखा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर स्वयं संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को फोन कर मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम में सड़क निर्माण कार्य में अवरोध, छात्रवृत्ति लंबित होने, ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा, सार्वजनिक भूमि पर प्लॉटिंग, रास्ता बंद किए जाने तथा निर्माण सामग्री चोरी जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। जनता दर्शन में विकास, पुलिस, राजस्व, अवैध कब्जा तथा अन्य विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी की सक्रियता और शिकायतों के त्वरित निस्तारण से फरियादियों में जिला प्रशासन के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। Post navigation डीएम और एसएसपी ने आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण उन्नाव में मंदिर के पुजारी की हत्या से सनसनी, परिजनों ने लगाया जाम