उन्नाव- यूपी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जी नाथ जी बालिका इंटर कॉलेज तथा जनता शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की भी जांच की। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें तथा कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहकर परीक्षा की निगरानी करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। Post navigation ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगलवार पर रिजर्व पुलिस लाइन में गूंजा सुंदरकांड पाठ जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं 45 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश