उन्नाव- बांगरमऊ क्षेत्र में हुए चर्चित पुजारी हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बांगरमऊ पुलिस ने हत्या के मामले में प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को वीरेन्द्र सिंह ने थाना बांगरमऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई मिलन सिंह की कई लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। इस सूचना के आधार पर थाना बांगरमऊ में मुकदमा संख्या 168/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में तीन आरोपियों — मोहम्मद शफी, अजय गौतम उर्फ लल्ली तथा यामीन — को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना बांगरमऊ पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी अली मोहम्मद उर्फ मम्मद को हरदोई बाईपास स्थित कूड़ा घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और अन्य नामजद एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। Post navigation आसीवन थाने में नवनिर्मित मुख्य द्वार एवं बाउंड्रीवाल का लोकार्पण जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न