उन्नाव- कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार पंजीकरण एवं अपडेट की प्रगति की समीक्षा करते हुए आधार निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों तथा अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं का आधार शीघ्रता से बनाया जाए, जिससे आधार पंजीकरण की प्रगति में तेजी आए।

समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में कई स्थानों पर आधार निर्माण की प्रगति संतोषजनक है, लेकिन कुछ आयु वर्गों में अभी भी अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। इसके लिए सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के त्रुटिरहित आधार कार्ड बनवाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में आधार पहचान का महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्रत्येक विकास खंड स्तर पर आधार संबंधी जानकारी देने वाले बैनर लगाए जाएं, ताकि लोगों को आधार बनवाने और उसमें संशोधन कराने में सुविधा मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवजात शिशुओं, अनाथालयों एवं अन्य चिन्हित संस्थानों में रहने वाले बच्चों का आधार बनवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अर्थ एवं संख्याधिकारी सुगंधा चतुर्वेदी, जिला मत्स्य अधिकारी बाल किशोर दुबे, जिला पूर्ति अधिकारी राज बहादुर, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा, एलडीएम राज कुमार, जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *