उन्नाव- कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में ओटीडी (वन ट्रिलियन डॉलर) सेल की जनपद स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कृषि, यूपी नेडा, मत्स्य, वन, पशुपालन, विद्युत, कर विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार करते समय आंकड़ों का सही मूल्यांकन करें और शत-प्रतिशत सटीक एवं प्रमाणिक विवरण प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गलत अथवा भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत न की जाए। यदि किसी रिपोर्ट में त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि आंकड़े प्रेषित करने से पहले उनका भली-भांति परीक्षण कर लिया जाए ताकि समीक्षा के दौरान किसी प्रकार की विसंगति न रहे। उन्होंने आगामी ओटीडी बैठकों को सेक्टरवार आयोजित करने के निर्देश भी दिए, जिसमें प्राथमिक, द्वितीय एवं तृतीय क्षेत्रों की अलग-अलग समीक्षा की जाएगी। द्वितीय सेक्टर की समीक्षा के दौरान उन्होंने जीएम डीआईसी को निर्देशित किया कि वर्तमान में प्रस्तुत आंकड़े अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रहे हैं। सही आकलन कर आगामी बैठक में त्रुटिरहित एवं अद्यतन आंकड़े प्रस्तुत किए जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अर्थ एवं संख्याधिकारी सुगंधा चतुर्वेदी, जिला मत्स्य अधिकारी बाल किशोर दुबे, जिला पूर्ति अधिकारी राज बहादुर, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा, एलडीएम राज कुमार, जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी रजत कुमार एवं हीरा कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कार सवार चार लोगों की मौत