उन्नाव- गदन खेड़ा-सिंगरोसी मोड़ स्थित नवनिर्मित सद्भावना मंडप का लोकार्पण एवं नागरिक अभिनंदन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक पंकज गुप्ता ने की।

अपने संबोधन में विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सद्भावना मंडप क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता थी। उनके प्रयासों एवं प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की। वर्ष 2021-22 में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहयोग से इस अधूरे कार्य को पूरा कराया गया और आज यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त सद्भावना मंडप क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह सद्भावना मंडप किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की संपत्ति है। इसका उपयोग विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, गरीब बेटियों के विवाह तथा अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। विधायक ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि विधायक पंकज गुप्ता के निरंतर प्रयासों और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण यह परियोजना पूर्ण हो सकी है। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, आवास और अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं और विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहे हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि सद्भावना मंडप सभी वर्गों के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षिक एवं अधिवक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *