उन्नाव- महिला सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम राजेपुर पतारी में महिला थाना उन्नाव द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्रा, ग्राम प्रधान राजू अवस्थी तथा पुलिस टीम मौजूद रही। सम्मेलन में सास, बहू, ननद, भाभी, माताएं, बेटियां, छात्राएं एवं ग्राम सभा के सम्मानित नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पारिवारिक रिश्तों में प्रेम, सम्मान, सहयोग और आपसी विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि परिवार की बहू को बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए तथा दोनों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में बहुओं को भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सास को मां के समान सम्मान देने तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक माहौल बनाने, पारिवारिक विवादों को कम करने और महिला सम्मान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में सामंजस्य स्थापित कर सामाजिक एकता को मजबूत करना है। Post navigation विदेश में नौकरी का झांसा देकर फर्जी पासपोर्ट-वीजा बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार उपनिरीक्षक भर्ती-2025 के डीवी/पीएसटी की तैयारियां पूरी, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश