उन्नाव- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन उन्नाव में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने भर्ती प्रक्रिया में लगाए गए पुलिस, प्रशासनिक एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जनपद उन्नाव में डीवी/पीएसटी प्रक्रिया का आयोजन 15 एवं 16 जून 2026 को प्रस्तावित है। बैठक के दौरान अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पूरी पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। प्रशासन और पुलिस विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। Post navigation राजेपुर पतारी में गूंजा महिला सम्मान का संदेश, बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित ट्रक की टक्कर से दर्दनाक हादसा, महिला की मौके पर मौत