उन्नाव- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को निराला प्रेक्षागृह में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ सदर विधायक पंकज गुप्ता, विधायक सफीपुर बंबालाल दिवाकर, विधायक बांगरमऊ श्रीकांत कटियार, विधायक पुरवा अनिल सिंह तथा विधायक भगवंतनगर आशुतोष शुक्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. महेंद्र सिंह ने निराला प्रेक्षागृह परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने सूचना विभाग द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों, जिनमें पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात डॉ. महेंद्र सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश में मेट्रो नेटवर्क की लंबाई लगभग 448 किलोमीटर थी, जो आज बढ़कर 1,482 किलोमीटर से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। देश में लगभग 1.46 लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है, जिससे विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनता को लाभ पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री रतिराज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भाजपा महामंत्री मनीष जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने मीडिया संवाद में गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया गया ब्रीफ