उन्नाव, 19 जून- मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने ताजिया जुलूस के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुसार ही मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि ताजिया जुलूस के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जाएं। जुलूस मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से मार्गों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करें। उन्होंने जर्जर विद्युत लाइनों को व्यवस्थित कराने और ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश भी दिए। इसके लिए ताजिया निर्माताओं को नोटिस जारी कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं। आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने तथा सूकर पालकों को आवश्यक निर्देश जारी करने के भी आदेश दिए गए। साथ ही ड्रोन के माध्यम से जुलूस मार्गों एवं आसपास की छतों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना उपयोग पर बल देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट साझा न की जाए और अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से संयम, मानवता, संवेदनशीलता, भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि ताजिया एवं जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं। उन्होंने आयोजकों से जुलूसों के समय का पूर्व आकलन करने और छोटी-छोटी कमियों को समय रहते दूर करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र रखना पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा डीजे पर अश्लील गीत नहीं बजाए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन हर समय सहयोग के लिए तत्पर है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अखिलेश सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण सहित विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। Post navigation गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, गंगाघाट पुलिस को मिली सफलता मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल गश्त एवं जुलूस मार्ग का निरीक्षण6