उन्नाव– वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को शरीफुल हसन निवासी मुल्लन तरफ की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (UP 35 AP 7587) चोरी होने के संबंध में कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 4 जुलाई 2026 को अमन निवासी अब्बासबाग की तहरीर पर उसके चचेरे भाई की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (UP 35 M 4189) चोरी होने का मामला भी दर्ज किया गया। रविवार, 5 जुलाई को रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने हुसैन नगर चौराहे से भूरी देवी तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर नैमिश सिंह पुत्र मनोज सिंह विसेन, निवासी ग्राम कुल्हा अटारा थाना आसीवन (हाल पता- कल्याणी देवी, कोतवाली सदर) को चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुमित सिंह के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर एक प्लॉट की चारदीवारी के भीतर छिपाकर रखी गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी सुमित सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। Post navigation उर्स को लेकर सफीपुर में शांति समिति की बैठक, पुलिस ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की उन्नाव: पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद