उन्नाव- उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) एवं जनपद उन्नाव की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने विकास भवन सभागार में जिले के उद्यमियों एवं व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बैठक में व्यापार और उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान उद्यमियों एवं व्यापारियों ने नक्शा स्वीकृति, औद्योगिक क्षेत्रों की खराब सड़कों, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, जलभराव तथा अन्य विकास संबंधी समस्याओं को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया। प्रभारी मंत्री ने उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से एक-एक कर संवाद किया। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में व्यापारियों की कोई बड़ी समस्या नहीं है तथा अधिकांश समस्याओं का समाधान जिलाधिकारी द्वारा समय-समय पर आयोजित बैठकों में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में व्यापारी भयमुक्त वातावरण में अपना कारोबार संचालित कर रहे हैं। रजनी तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्यमियों और व्यापारियों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या, नक्शा स्वीकृति, एनओसी, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। जर्जर विद्युत तारों एवं ट्रांसफार्मरों को बदलने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्नाव प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक जिलों में शामिल है और यहां के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने उद्यमियों और व्यापारियों से भयमुक्त होकर उद्योग एवं व्यापार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बैठक में आश्वासन दिया कि उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। Post navigation बांगरमऊ में मेधावी छात्राओं, जल प्रहरियों, मत्स्यपालकों और जनगणना कर्मियों का हुआ सम्मान लंबित परियोजनाओं पर डीएम का एक्शन, कई विभागों को जारी होंगे नोटिस