उन्नाव- विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में विकास परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की 13 लंबित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धीमी कार्यप्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा के दौरान चांदपुर स्थित मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निकट से गुजर रही विद्युत लाइन को शिफ्ट किए जाने के लिए पिछले दो माह से पत्राचार के बावजूद कार्य शुरू न होने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा संचालित परियोजनाओं के निर्धारित समयसीमा में पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन निगम द्वारा मान देवी मंदिर विकास परियोजना एवं गंगा घाट पर गंगा आरती स्थल के विकास कार्यों में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान भी कुछ कार्यों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा उनकी भौतिक प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही सभी परियोजनाओं का डाटा समय पर सीएमईएस पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन विभागों में कार्यों की गति धीमी है, वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराएं। बैठक में परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी चित्रा दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। Post navigation व्यापार और उद्योग को मिलेगा नया बल, प्रभारी मंत्री ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं दुष्कर्म के वांछित अभियुक्त को पुरवा पुलिस ने किया गिरफ्तार