उन्नाव– शहर की लोकनगर रोड की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। टूटी-फूटी सड़क, बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव की समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन में लोकनगर के सभासद पंकज लोधी भी शामिल हुए और स्थानीय नागरिकों के साथ सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से लोकनगर रोड का शीघ्र निर्माण कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मोहल्लेवासियों ने कहा कि क्षेत्र की इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। Post navigation बाढ़ की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी, संभावित प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण होमगार्ड भर्ती 2025 की डीवी/पीएसटी तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश