उन्नाव- थाना कोतवाली सदर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, एबी नगर निवासी सुनीता त्रिपाठी ने 9 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली सदर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से चेन छीनने का प्रयास किया था। इस संबंध में थाना कोतवाली सदर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026, धारा 309(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की जांच के दौरान थाना कोतवाली सदर पुलिस ने रात्रि गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान हुसैन नगर से पहले नहर पुलिया के पास से तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सागर गौतम, अर्जुन कुमार तथा अभिषेक के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक पीली धातु की चेन एवं घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि सागर गौतम और अर्जुन कुमार चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे, जबकि अभिषेक उनके रहने-खाने की व्यवस्था करने के साथ ही लूटे गए माल को बेचने का कार्य करता था। तीनों मिलकर संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि 7 जुलाई 2026 को एबी नगर क्षेत्र में एक महिला से चेन लूटने का प्रयास किया था, लेकिन असफल रहे। इसके बाद आदर्श नगर क्षेत्र में एक महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी। गिरफ्तारी और बरामदगी के दौरान मौके पर पहुंचे अमरीश कुमार निवासी अकबरपुर दबौली, थाना माखी ने बरामद चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अभियुक्तों की पहचान अपनी माता से चेन लूटने वाले व्यक्तियों के रूप में की। पुलिस ने मामले में धारा 309(4), 317(2) एवं 61 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। Post navigation मोबाइल झपटमारी करने वाले तीन अभियुक्त गिरफ्तार, छीने गए मोबाइल बरामद साइबर ठगी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 स्मार्टफोन के साथ 6 अभियुक्त गिरफ्तार