उन्नाव- साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम, सर्विलांस टीम एवं थाना कोतवाली सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त नौ स्मार्टफोन बरामद किए हैं। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों में जमा करीब एक लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों एवं जनपदों में हो रहे ऑनलाइन वित्तीय साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच में सामने आया कि साइबर ठग चेक, नकद लेनदेन, यूपीआई और अन्य माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर धोखाधड़ी की रकम को विभिन्न खातों के जरिए निकाल रहे थे। प्रकरण की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना उन्नाव के उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र द्वारा थाना कोतवाली सदर में मुकदमा अपराध संख्या 418/2026, धारा 318(4) एवं 61 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया। इसके बाद साइबर क्राइम थाना और कोतवाली सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने बैंक खातों, चेक निकासी, एटीएम लेनदेन तथा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त संगठित तरीके से साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल खातों का संचालन करते थे। ये लोग विभिन्न खातों में साइबर ठगी की रकम प्राप्त कर प्रतिशत के आधार पर अपना हिस्सा लेते थे और धनराशि को आगे स्थानांतरित करने का कार्य करते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ स्मार्टफोन बरामद किए। इसके अलावा मुकदमे से संबंधित संदिग्ध खातों में जमा लगभग एक लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराई गई है। पुलिस अन्य संदिग्ध खातों की भी जांच कर रही है और आवश्यकतानुसार उन्हें फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई है। Post navigation चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, तीन अभियुक्त गिरफ्तार; लूटी गई चेन व बाइक बरामद 12 जुलाई को उन्नाव में चलेगा महा वृक्षारोपण अभियान, 57 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे