उन्नाव- जनपद में 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले बृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पंधारी यादव ने की। इस दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में नोडल अधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा वृक्षारोपण के लिए की गई तैयारियों, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन तथा विभागवार निर्धारित लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए तथा प्रत्येक विभाग को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधों का जीवित रहने का प्रतिशत अधिकतम रहे। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय से अभियान प्रारंभ कर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा सड़क किनारे अधिकाधिक पौधरोपण कराने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फलदार, छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण करने को कहा।

जनपद में वृक्षारोपण अभियान के तहत कुल 66,51,300 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग को 17,78,000 तथा अन्य विभागों को 48,73,300 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इससे पूर्व 5 जून को आयोजित अभियान के दौरान वन विभाग द्वारा 61 हजार तथा अन्य विभागों द्वारा 8 लाख 89 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है। इस प्रकार कुल 9 लाख 50 हजार पौधे लगाए गए थे।

12 जुलाई को वन विभाग द्वारा 17,18,430 तथा अन्य विभागों द्वारा 39,89,425 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस तरह एक ही दिन में कुल 57,07,855 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विभिन्न विशेष कार्यक्रमों जैसे आम का भंडारा, सहजन भंडारा, कपि वन, वंदे मातरम् वाटिका, अविरल धारा वृक्षारोपण, महर्षि चरक औषधि वन, ऊर्जा वन, भाई-बहन वृक्षारोपण, मिशन छाया, समृद्धि वन, समरस वन तथा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान भी संचालित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी उन्नाव तथा वृक्षारोपण अभियान से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *