उन्नाव- प्रदेशव्यापी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” के अंतर्गत जनपद उन्नाव ने अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन द्वारा जनपद को कुल 66,51,300 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया था, जिसमें वन विभाग को 17,78,000 तथा अन्य विभागों को 48,73,300 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था। इसके क्रम में 5 जून 2026 को ही 9.50 लाख पौधों का रोपण कार्य पूर्ण कर लिया गया था। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के अभियान के तहत जनपद उन्नाव को शेष 57,01,300 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। वन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से जनपद में कुल 57,07,855 पौधों का रोपण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई। इनमें वन विभाग द्वारा 17,18,430 तथा अन्य विभागों द्वारा 39,89,425 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर ट्रांस गंगा सिटी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अर्पणा यादव, उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत समारोह से हुई। वन विभाग के अधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, बाह्य सहायतित परियोजना, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री पनधारी यादव, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा प्रभागीय निदेशक उन्नाव ने वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्रीमती अर्पणा यादव ने जनपद में आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वृक्षारोपण स्थल पर श्रीमती अर्पणा यादव ने विधि-विधान के साथ हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनजीओ, एफपीओ, विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों एवं ग्रामीणों सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि के साथ-साथ पौधरोपण को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। अंत में प्रभागीय निदेशक, उन्नाव ने सभी अतिथियों, जिला प्रशासन, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। Post navigation 12 जुलाई को उन्नाव में चलेगा महा वृक्षारोपण अभियान, 57 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को किया गया ब्रीफ