उन्नाव- कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कार्यक्रम स्थल नेवरना-छतईखेड़ा, थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बताया गया कि 13 जुलाई 2026 को भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह ने ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी बनाने तथा कार्यक्रम के दौरान बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: उन्नाव ने लक्ष्य से अधिक लगाए पौधे, 57.07 लाख पौधों का रोपण पूर्ण शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार, पुरवा पुलिस को मिली सफलता