उन्नाव 28 जुलाई 2026 सहायक श्रमायुक्तएस० एन० नागेश ने बताया है कि प्रदेश को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त कराये जाने का लक्ष्य निर्धारित है। उक्त के कम में जनपद उन्नाव में बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 यथा संशोधित-2016 एवं किशोर न्याय (बालकों की देख-रेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के अन्तर्गत बाल एवं किशोर श्रमिकों के चिन्हांकन, अवमुक्तिकरण, सड़कों पर रहने वाले/बेघर बच्चों के बचाव एवं पुनर्वासन हेतु दिनांक 01.07.2026 से 31.08.2026 के मध्य विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त के कम में गठित टास्क फोर्स के साथ आज दिनांक 28.07.2026 को जनपद उन्नाव के तहसील सदर क्षेत्रान्तर्गत गंगाघाट, शुक्लागंज, उन्नाव में श्री राधेश्याम सिंह, श्री इन्दीवर जोशी एवं श्री राजेन्द्र कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उन्नाव, श्री शैलेश कुमार यादव, सब इन्सपेक्टर एवं श्रीमती पूजा, महिला कान्स्टेबल, ए०एच०टी, उन्नाव द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 03 प्रतिष्ठानों का बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के अन्तर्गत निरीक्षण करते हुए 05 बाल एवं किशोर श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया। उल्लंघनकर्ता सेवायोजकों के विरूद्ध मौके पर ही निरीक्षण टिप्पणी जारी की गयी तथा नियमानुसार विधिक कार्यवाही अपनायी जायेगी। जनपद में संचालित समस्त प्रतिष्ठानों / दुकानों के सेवायोजकों से अपील है कि जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *