उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक के बाद एक दो अलग-अलग बस हादसों से हड़कंप मच गया। करीब 10 मिनट के अंतराल में हुए दोनों हादसों में कुल 34 यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों हादसों में बस चालकों को नींद की झपकी आना हादसे की वजह बताई जा रही है।

ट्रक से टकराई स्लीपर बस, आठ यात्री घायल

पहला हादसा रविवार सुबह करीब 4:40 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 231 पर हुआ। दिल्ली से गोंडा जा रही स्लीपर बस (BR28 P 6323) के चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इससे बस आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करीब आठ यात्री घायल हुए। सूचना मिलते ही बांगरमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बांगरमऊ भेजा गया।

10 मिनट बाद दूसरी बस पलटी

पहले हादसे के करीब 10 मिनट बाद, सुबह 4:50 बजे, दूसरा हादसा बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 246 पर हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही स्लीपर बस (BR28 P 3324) कथित तौर पर चालक को नींद आने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस हादसे में करीब 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बेहटा मुजावर थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किए जाने की भी जानकारी है।

पुलिस ने संभाली व्यवस्था

लगातार दो हादसों के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया। दोनों क्षतिग्रस्त बसों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया।

सीओ हर्ष मोदी के अनुसार, दोनों हादसों की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

एक ही एक्सप्रेसवे पर दो हादसों से बढ़ी चिंता

महज 10 मिनट के अंतराल में दो स्लीपर बसों के हादसे ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की थकान को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हादसे तड़के उस समय हुए, जब अधिकांश यात्री बसों में सो रहे थे। अचानक हुई टक्कर और बस पलटने से यात्रियों में दहशत फैल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *