वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी नगर श्री दीपक यादव के निर्देश पर आज कोतवाली सदर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर श्री चंद्रकांत मिश्रा द्वारा की गई, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सक्रिय एवं तकनीकी रूप से दक्ष व्यक्तियों को साइबर वॉलंटियर्स के रूप में मनोनीत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक श्री चंद्रकांत मिश्रा जी ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जानकारी रखने वाले व्यक्तियों की यह टीम समाज में हो रहे साइबर अपराधों पर सतत निगरानी रखेगी तथा समय रहते साइबर सेल को सूचनाएं उपलब्ध कराएगी, जिससे त्वरित कार्यवाही कर साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। परिवार परामर्श केंद्र के सलाहकार मंडल प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव एवं सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का परिचय कराया गया तथा साइबर वॉलंटियर्स की भूमिका, जिम्मेदारियों एवं अपेक्षित सहयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर श्री राजेश यादव ने मनोनीत सभी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता जनपद को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। साइबर सेल से महिला आरक्षी सोनिया एवं आरक्षी कृष्णकांत द्वारा सभी साइबर वॉलंटियर्स को पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के जमा करने तथा कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी वॉलंटियर के प्रयास से कोई व्यक्ति साइबर ठगी से बचता है, तो उसका एक संक्षिप्त वीडियो बनाकर ग्रुप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया जाए, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित होकर इस अभियान से जुड़ सकें। बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, शिल्पी श्रीवास्तव, डॉ. रूपेश, आलोक अवस्थी, समन आफरीन, अनुराग मोहन कृष्ण, शिवेंद्र सिंह चौहान, भावना शुक्ला, अनिमेष, अजय, विकास, अमरेश सिंह को साइबर वॉलंटियर्स के रूप में मनोनीत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *