उन्नाव- जनपद उन्नाव में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री अखिलेश सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान थानों पर पंजीकृत अभियोगों की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने गंभीर व लंबित मामलों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, शातिर अपराधियों की पहचान कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट व एनएसए के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनशिकायतों की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने, अवैध शराब, शस्त्र, जुआ व मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

गंभीर अपराधों, पॉक्सो एक्ट व बलात्कार के मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को अधिकतम सजा दिलाने पर जोर दिया गया। चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क गश्त, जमीनी विवादों में राजस्व विभाग से समन्वय, आईजीआरएस शिकायतों पर स्वयं फीडबैक लेने और पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग कर उनकी सक्रियता परखने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *