उन्नाव जिले के दही थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी प्रतिभा गौतम पर टैंकर ड्राइवर के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान ड्राइवर की जमकर पिटाई की गई और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया गया।

इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ड्राइवर का आरोप है कि पैसा न देने पर एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी आगबबूला हो गईं और उनके साथ मारपीट की गई। ड्राइवर जियो पेट्रोलियम का टैंकर चलाता है।

गौरतलब है कि बीते दिनों उन्नाव परिवहन विभाग में अवैध एंट्री के मामले में एसटीएफ द्वारा एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें एआरटीओ संजीव कुमार के सिपाही प्रदीप रंजीत, प्रतिभा गौतम के सिपाही इंद्रजीत और पीटीओ सैफर किदवई के प्राइवेट ड्राइवर सहित अन्य के नाम सामने आए थे।

बताया जा रहा है कि एआरटीओ प्रवर्तन प्रतिभा गौतम लंबे समय से उन्नाव में ही तैनात हैं। आरोप यह भी है कि भार वाहनों की चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी और वसूली न मिलने पर यह घटना हुई।

पीड़ित युवक ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब योगी सरकार के निर्देश पर यूपी के कई जिलों में एसटीएफ द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *