जनपद उन्नाव: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5.2 के अंतर्गत थाना कोतवाली सदर एवं महिला थाना उन्नाव द्वारा ग्राम सिंगरोसी स्थित एक्सेल स्कूल ऑफ नर्सिंग में बुधवार को साइबर संगोष्ठी एवं संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर श्री चंद्रकांत मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक मिशन शक्ति श्रीमती संतोष कुमारी, उपनिरीक्षक करुणाशंकर श्रीवास्तव तथा महिला आरक्षी सोनिया द्वारा महिलाओं और छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090, 112, 181, 1098, 102, 108 और 1930—की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच इन सेवाओं का लाभ उठाएं। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र डॉ. आशीष श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महिला कांस्टेबल लक्ष्मी चौधरी, प्रिया यादव, कांस्टेबल अंकेश यादव सहित महिला थाना की मिशन शक्ति टीम की ज्योति सिंह, नीलम यादव और पूजा चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षियों द्वारा सेल्फ डिफेंस का प्रदर्शन कर छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। उन्नाव पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। Post navigation थाना गंगाघाट पुलिस की बड़ी सफलता: साइबर फ्रॉड के 1.07 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए डीएम गौरांग राठी ने संचारी रोग व ‘स्कूल चलो अभियान’ की जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी