उन्नाव: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जिला चिकित्सालय से संचारी रोग जागरूकता वैन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के ‘स्कूल चलो अभियान’ की जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता वैन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करेगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों से बचाव एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने निर्देश दिए कि ‘दस्तक अभियान’ के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी घर छूटे नहीं। साथ ही, 1 अप्रैल से शुरू हुए ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत भी जागरूकता वैन को रवाना किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि घर-घर सर्वे, रैलियों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अभिभावकों को प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। Post navigation मिशन शक्ति फेज-5.2 के तहत एक्सेल स्कूल ऑफ नर्सिंग में साइबर संगोष्ठी व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित