उन्नाव- रिजर्व पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षी नागरिक पुलिस के 9 माह के आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत 26 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित पासिंग आउट (दीक्षांत) परेड की रिहर्सल आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह ने परेड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने टोलीवार मार्च पास्ट, कदमताल और सलामी का अवलोकन करते हुए रिक्रूट आरक्षियों के समन्वय और अनुशासन की सराहना की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान रिक्रूट आरक्षियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। अपने संबोधन में उन्हें प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल, अनुशासन और जनसेवा की भावना को व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग, महिला सशक्तिकरण और आधुनिक तकनीकी दक्षता पर विशेष बल दिया गया।

एसएसपी ने परेड के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी (लाइन) श्रीमती विनी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री सचिन राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. मनीष सिंह सेंगर एवं डॉ. रचना सिंह द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *