उन्नाव। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन सभागार में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना भी उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री ने पशुपालन, गौ संरक्षण, गेहूं खरीद, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, राशन, स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों का गेहूं प्राथमिकता के साथ खरीदा जाए और बिचौलियों पर सख्त नजर रखी जाए। साथ ही केंद्रों पर पानी और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गौ संरक्षण को लेकर मंत्री ने निराश्रित गोवंश की देखभाल पर विशेष ध्यान देने, भूसा बैंक बनाने और गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गोचर और सीलिंग की जमीन को कब्जा मुक्त कर वहां चारे की बुवाई कराने के निर्देश भी दिए। जल आपूर्ति को लेकर अधिशासी अभियंता जल निगम को हर घर जल योजना को प्राथमिकता देने, जल संचयन पर ध्यान केंद्रित करने और पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को समय से ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही गर्मी के मौसम में तालाबों में पानी उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया। नगर निकायों को स्वच्छता, जल आपूर्ति और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने, नालियों की नियमित सफाई और संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सघन निरीक्षण करने को कहा गया। राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने, बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मर समय पर बदलने तथा लाइन लॉस कम करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में पात्र लोगों को ही लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं कानून-व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक से जानकारी लेकर मंत्री ने सभी थानों में प्राथमिकी दर्ज करने, गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और साइबर क्राइम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत मंत्री ने पत्रकारों से वार्ता कर महिला जन आक्रोश अभियान के संबंध में भी जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विधेस, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। Post navigation उन्नाव: रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड रिहर्सल का एसएसपी ने किया निरीक्षण