उन्नाव- थाना कोतवाली सदर, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत के चोरी के जेवरात और नकदी बरामद करते हुए एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मनीष शुक्ला उर्फ सौरभ ने अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पूर्व किरायेदार राज पाण्डेय और उनकी पत्नी इन्दू पाण्डेय घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए हैं। इस आधार पर थाना कोतवाली सदर में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने 26 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर हुसैननगर नहर पटरी के पास से इन्दू पाण्डेय (30 वर्ष) और कुलदीप सोनी (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद, सोने के हार, चेन, अंगूठियां, नथ व अन्य आभूषण तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया।

पूछताछ में अभियुक्ता इन्दू पाण्डेय ने बताया कि वह पूर्व में पीड़ित के घर किराए पर रहती थी और विश्वास जीतकर चाबी की मदद से जेवरात चोरी कर लिए। बाद में कुछ जेवरात बेचकर उसने लखनऊ में प्लॉट भी खरीदा। शेष जेवरात को बेचने के लिए वह जा रही थी, तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *