जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने एसएसपी जय प्रकाश की उपस्थिति में जिला कारागार का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला एवं पुरुष बैरकों में पहुंचकर बंदियों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार चिकित्सालय, बैरकों की स्थिति, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने कैदियों से भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कारागार चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों की बेहतर देखभाल की जाए।

महिला बैरक में पहुंचकर जिलाधिकारी ने महिला कैदियों और उनके बच्चों का हाल-चाल लिया तथा बच्चों को फल, मिठाई और बिस्कुट से युक्त टोकरी भेंट की। उन्होंने निर्देश दिया कि महिला बंदियों के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण हो और उन्हें समय-समय पर आयरन सिरप व कैल्शियम उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बच्चों को प्रोटीन, कैल्शियम युक्त आहार एवं आवश्यक टीकाकरण नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि महिला कैदियों को सिलाई, कढ़ाई, बुनाई जैसे कार्यों में प्रशिक्षित कर उन्हें कौशल विकास से जोड़ा जाए। साथ ही पुरुष बंदियों को भी उपयोगी कार्य देकर उन्हें व्यस्त रखा जाए।

उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके, इसके लिए कड़ी निगरानी रखी जाए। इसके अलावा कैदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बंदियों पर सतर्क नजर रखी जाए और उनकी समस्याओं का समय-समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *