उन्नाव- जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम मीना ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को जिला बदर कर दिया है। जिलाधिकारी ने पॉक्सो एक्ट, धारा 323, 325, 504, 506 समेत अन्य गंभीर मामलों में पंजीकृत अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें निर्धारित अवधि तक उन्नाव जनपद एवं उससे सटे जनपदों की सीमाओं से बाहर रहने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि जनपद में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला बदर किए गए अपराधियों में आशीष सिंह उर्फ छोटू पुत्र अशोक सिंह निवासी रसूलपुर रूरी थाना बेहटा मुजावर, रंजीत पुत्र कमल किशोर उर्फ कमल निवासी रामबख्श खेड़ा थाना अचलगंज, मुहीब पुत्र मोहम्मद कलीम निवासी उनवा थाना सफीपुर, विशाल पुत्र देवी दीन निवासी कटहादल नारायणपुर थाना गंगाघाट तथा शिवम पुत्र प्रकाश लोध निवासी कुशहरी थाना सोहरामऊ शामिल हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Post navigation उन्नाव: दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार उन्नाव: अनियमितताओं पर डीएम का सख्त एक्शन, राशन विक्रेता का लाइसेंस निरस्त