उन्नाव- जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने राशन वितरण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सभा कुतुबपुर, विकास खंड सुमेरपुर, तहसील बीघापुर के उचित दर विक्रेता राम शंकर की राशन दुकान का अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) निरस्त कर दिया है।

प्रशासनिक जांच में राशन वितरण से संबंधित अभिलेखों में गंभीर खामियां सामने आईं। उपजिलाधिकारी बीघापुर और जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा की गई जांच में वितरण रजिस्टर, प्रारूप ‘क’ एवं ‘ख’, वितरण प्रमाण पत्र तथा स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित विक्रेता द्वारा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच रिपोर्ट में राशन वितरण में अनियमितता, पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध न कराए जाने तथा शासन के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि राशन में कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद्यान्न वितरण में कार्डधारकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित राशन पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।

डीएम ने यह भी कहा कि जनपद की सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए और राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की ओर से सभी उचित दर विक्रेताओं को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *