बुलंदशहर/कानपुर- बुलंदशहर के जहाँगीराबाद क्षेत्र के सलगवा गांव के पास 23 मई को सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला महिला का शव कानपुर की एक अपहृत युवती का निकला है। शव की पहचान होने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।

जानकारी के अनुसार, शव नग्न अवस्था में मिला था, जिसके चलते पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान न होने पर बुलंदशहर पुलिस ने नियमानुसार शव का लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार करा दिया था। अब जांच में सामने आया है कि मृतका कानपुर की रहने वाली युवती थी, जिसका पहले अपहरण किया गया था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नग्न अवस्था में बुलंदशहर के हाईवे किनारे फेंक दिया गया था। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या गला घोंटकर किए जाने की भी आशंका है, हालांकि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।

मामले की जांच के दौरान आरोपी विवेक पटेल ने पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई है। आरोपी की निशानदेही पर कानपुर पुलिस बुलंदशहर के घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती के साथ यौन शोषण के बाद उसकी हत्या किए जाने की भी जांच की जा रही है। कानपुर पुलिस आरोपी विवेक पटेल को साथ लेकर बुलंदशहर पहुंची है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *