उन्नाव- केंद्र सरकार के सुरक्षा, सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद उन्नाव में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री उन्नाव एवं उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी घनश्याम मीना सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज ने 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस, 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 19 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न तिथियों पर रात्रि चौपालों का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यक्रम भव्य एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों, विकास कार्यों एवं लोककल्याणकारी उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण कराने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित कर सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।

जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शित करने पर बल दिया गया।

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत चिकित्सकों, अभियंताओं, शिक्षकों, युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों के साथ “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर संवाद आयोजित किया जाएगा। वहीं विकास प्रदर्शनी में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण से संबंधित सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्राकृतिक खेती कार्यशाला में 500 से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद, जैविक कीटनाशक निर्माण, जल संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती के विभिन्न मॉडलों की जानकारी दी जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर युवाओं, महिलाओं, पुलिस बल एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से साइकिल एवं पैदल जागरूकता यात्राएं आयोजित की जाएंगी तथा जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम संपन्न होंगे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें सदर विधायक पंकज गुप्ता, सफीपुर विधायक बंबा लाल दिवाकर, पुरवा विधायक अनिल सिंह, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *