उन्नाव- जनपद में 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में पुलिस लाइन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी अधिकारी इसकी गंभीरता एवं प्राथमिकता को समझते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को बिना अनुमति केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी विशेष परिस्थिति में कोई अभ्यर्थी बाहर जाता है तो उसके आने-जाने का समय दर्ज किया जाएगा। उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों का पूर्व में सैनिटाइजेशन कराने, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया को सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर जैमर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अनुपस्थित अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट एवं प्रश्न पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने तथा प्रश्न पत्रों एवं ओएमआर शीटों का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जाए। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से अभ्यर्थियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कैनिंग मशीनों का पूर्वाभ्यास के दौरान परीक्षण कर लिया जाए तथा सभी केंद्रों पर पेयजल, ओआरएस और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रहे। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि अधिकृत अधिकारियों के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति का मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के भीतर नहीं जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक या अफवाहपूर्ण सामग्री की तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। Post navigation केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक उन्नाव में होंगे विभिन्न कार्यक्रम