विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड नवाबगंज के मखदुमपुर वन ब्लॉक में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, मोहान विधायक बृजेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह तथा पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया। विधायक बृजेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृति राज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण कर अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष धरा का श्रृंगार हैं तथा स्वस्थ पर्यावरण और संतुलित जलवायु के लिए वृक्षारोपण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पेड़ लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण करना है। हम सभी को संकल्प लेकर अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुखद और स्वस्थ भविष्य के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से हम अपनी भावनाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ सकते हैं। यदि पर्यावरण पर संकट आता है तो पूरी पृथ्वी प्रभावित होती है। इसलिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। विधायक बृजेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। प्रभारी जिला वन अधिकारी ने बताया कि जनपद में विभिन्न विभागों के माध्यम से 57 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि प्रदेश स्तर पर 5 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एक हजार पौधे रोपे जाएंगे। इस अवसर पर रुद्राक्ष, सिंदूर, लाल चंदन, शमी, जामुन, पीपल, बरगद सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, उपजिलाधिकारी प्रज्ञा पांडेय, उपनिदेशक कृषि, जिला आबकारी अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। Post navigation चेयरमैन की अनदेखी से नाराज सभासद ने अधिशासी अधिकारी के सामने किया दंडवत- उन्नाव विशाल खेड़ा में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक का शव