उन्नाव- यूपी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने जनपद में 8, 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के मद्देनजर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा जी. नाथ जी इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, सुचारु फर्नीचर व्यवस्था तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें, कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहे तथा सभी कक्ष निरीक्षक निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर पहुंचें। परीक्षा समय से प्रारंभ हो और उसकी निगरानी पूरी सतर्कता के साथ की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *