उन्नाव- तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता भी मौजूद रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व, विकास, कृषि, विद्युत एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता की कमी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण उसी स्वरूप में किया जाए, जिस रूप में शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए तथा आख्या अपलोड करते समय संबंधित फोटो भी अनिवार्य रूप से संलग्न की जाए। राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी को पैमाइश, कब्जा और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करे। समाधान दिवस में कुल 232 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। Post navigation यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने जांची तैयारियां चोरी के बिजली के तार और मोटरसाइकिल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार