उन्नाव- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हसनगंज पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने पर थाना हसनगंज में मुकदमा संख्या 208/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आलोक सिंह निवासी अमोइया, थाना हसनगंज, अनुज सिंह निवासी सराय मलकादीम, थाना हसनगंज तथा एक बाल अपचारी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। तीनों को गढ़ी फतेहाबाद तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *